धौलपुर में “ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूस्डे” अभियान के तहत विभिन्न स्कूलों में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। ये शिविर राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार हुए। इन शिविरों में सचिव रेखा यादव और प्रशिक्षु न्यायिक अधिकारियों ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, उनके विधिक अधिकारों और कर्तव्यों के बारे में जानकारी दी। छात्रों को अनजान लिंक से बचने, बैंकिंग जानकारी गोपनीय रखने और ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क रहने के उपाय बताए गए। नालसा की थीम “एक मुट्ठी आसमान” के अंतर्गत बच्चों को शिक्षा, सुरक्षा और सम्मानपूर्वक जीवन के अधिकार के प्रति जागरूक किया गया। इसके अतिरिक्त, दहेज प्रथा के दुष्परिणामों पर भी प्रकाश डाला गया और इसे एक सामाजिक बुराई बताते हुए दहेज लेना-देना कानूनी अपराध बताया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को अपनी समस्याओं को साझा करने के लिए “कोर्ट वाली दीदी सुझाव पेटिका” का उपयोग करने हेतु भी प्रेरित किया गया।