धौलपुर में सफाई व्यवस्था को लेकर नगर परिषद के दावों और हकीकत में फर्क दिख रहा है। शहर के गोविंद वाटिका रोड इलाके में 2 दिन पहले सुनील कुमार यादव की डेंगू से मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने युवक की मौत के लिए घर के आसपास जमा गंदगी और गंदे पानी को जिम्मेदार ठहराया है। युवक की मौत के बाद भी इलाके की सफाई में कोई सुधार नहीं हुआ है। नवल सिंह राजपूत के घर के सामने और अन्य जगहों पर कचरा जमा है, पानी की निकासी भी नहीं हो रही है। किराना स्टोर और भगवती मैरिज होम के पास जमा पानी में मच्छर पनप रहे हैं, जिससे बीमारियों का डर है। वार्ड नंबर 58 में भी गंदगी और जलभराव से लोग परेशान हैं। बारिश के बाद पानी जमा होने से मच्छरों का खतरा बढ़ गया है। सभापति गिरीश गर्ग ने शपथ लेने के बाद फॉगिंग और सफाई पर जोर देने का फैसला किया था, लेकिन हालात अभी भी वैसे ही हैं।