धौलपुर में राजस्थान के पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने जिले के सभी थानों के नए युवा सीएलजी (Y-CLG) सदस्यों से वर्चुअल बातचीत की। इस दौरान उन्होंने युवा सीएलजी सदस्यों से सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। पुलिस महानिदेशक ने बताया कि पुलिस और आम लोगों के बीच अच्छा तालमेल कानून व्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने युवा सीएलजी सदस्यों से अपने-अपने इलाकों में पुलिस के साथ मिलकर काम करने और सामाजिक समस्याओं व कानून व्यवस्था से जुड़े मुद्दों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने को कहा। वर्चुअल बैठक में साइबर अपराधों से बचाव, महिला और बाल सुरक्षा, साथ ही यातायात नियमों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने पर भी बात हुई। युवाओं को इन विषयों पर अपने इलाकों में लोगों को जागरूक करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। भरतपुर रेंज की पुलिस महानिरीक्षक डॉ. प्रीती चंद्रा ने भी वर्चुअल तरीके से युवा सीएलजी सदस्यों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि युवा सीएलजी सदस्य पुलिस और आम जनता के बीच एक अहम कड़ी बन सकते हैं। उन्होंने कानून व्यवस्था से जुड़े मुद्दों और आम लोगों के सुझावों को पुलिस तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। इस बैठक में धौलपुर पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा, पुलिस उप अधीक्षक धौलपुर प्रदीप नेहरा सहित जिले के सभी थानों के थाना प्रभारी और युवा सीएलजी सदस्य शामिल रहे।