धौलपुर जिले के राजाखेड़ा उपखण्ड के जैतपुर छतरीपुरा निवासी महेंद्र सिंह गुर्जर ने चंबल लिफ्ट परियोजना की पाइपलाइन से खेत को हो रहे नुकसान की शिकायत की है। उन्होंने भाजपा नेता नीरजा शर्मा को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में महेंद्र सिंह गुर्जर ने बताया कि परियोजना के तहत पाइपलाइन उनके खेत के बीच से डाली जा रही है, जिससे उनकी कृषि भूमि को भारी नुकसान हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कार्य के लिए उन्हें न तो कोई पूर्व सूचना दी गई और न ही उनकी सहमति ली गई। इस अचानक शुरू हुए कार्य से उनकी खेती प्रभावित हो रही है। गुर्जर ने यह भी बताया कि उनका लगभग 17 बिस्वा का एक अन्य खेत भी परियोजना के दायरे में लाने की तैयारी है, जिसके लिए नोटिस जारी किया गया है। महेंद्र सिंह गुर्जर ने मांग की है कि पाइपलाइन का कार्य तुरंत रोका जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि इसे खेत के बजाय सड़क किनारे या किसी निर्धारित मार्ग से निकाला जाए, ताकि उनकी कृषि भूमि सुरक्षित रहे। साथ ही, हुए नुकसान का उचित मुआवजा भी दिया जाए। किसान ने नीरजा शर्मा से प्रशासन से समन्वय कर समस्या का शीघ्र समाधान कराने का आग्रह किया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।