धौलपुर जिले के सैंपऊ थाना क्षेत्र के भूरापुरा गांव में पत्नी की हत्या के 3 दिन बाद पति ने भी आत्महत्या कर ली। पति का शव शनिवार सुबह रिंग रोड के पास एक खेत में एक पेड़ से लटका मिला। जानकारी के अनुसार भूरापुरा निवासी दिनेश कुशवाहा (40) पुत्र जगदीश कुशवाहा अपनी पत्नी मथुरा (35) की हत्या के बाद से फरार चल रहा था। उसने फंदा लगाकर आत्महत्या की। सैंपऊ थाने के एएसआई जय सिंह ने बताया कि सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से उतरवाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मॉर्च्युरी में रखवाया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। यह था पूरा मामला 1. सरिए से पीट-पीटकर की थी पत्नी की हत्या भूरापुरा गांव में दिनेश कुशवाहा ने अपनी पत्नी मथुरा की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद वो मौके से फरार हो गया था। मृतका की छोटी बहन जमुना, जो आरोपी के छोटे भाई जितेंद्र को ब्याही है, पास की झोपड़ी में रहती है। उसने बताया कि मंगलवार की रात बहन की चीख-पुकार सुनकर वह बचाने पहुंची, लेकिन दिनेश ने उसे भी डंडा मारकर भगा दिया। मथुरा की शादी साल 2011 में दिनेश के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही पति-पत्नी के बीच चरित्र को लेकर विवाद शुरू हो गया था। 2. नशे में धुत पति ने बेटे से भी मारपीट परिजनों का आरोप है कि आरोपी दिनेश अपनी पत्नी पर लगातार शक करता था और पिछले 3 साल से उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। जमुना के अनुसार 14 अप्रैल की रात आरोपी दिनेश शराब के नशे में घर पहुंचा। पति-पत्नी दोनों के बीच फिर विवाद हुआ, जिसके बाद उसने लाठी-डंडों और सरिए से पीट-पीटकर मथुरा की हत्या कर दी। बीच-बचाव करने आए छोटे बेटे के साथ भी आरोपी ने मारपीट की। वारदात के बाद आरोपी परिवार समेत मौके से फरार हो गया। 3. रात में ही मायके पक्ष को मिली जानकारी घटना की जानकारी बुधवार रात को ही मृतका के मायके पक्ष को मिल गई थी। परिजनों और पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गया था। महिला की हत्या की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने झोपड़ीनुमा मकान से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने जांच शुरू करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। इधर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई थी कि शनिवार को दिनेश का शव एक खेत में पेड़ से लटका मिला। 4. तीन बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया दिनेश और मथुरा के 3 बच्चे है, जिनमे 2 बेटे और 1 बेटी। बड़ा बेटा श्रीकांत 12 साल का है। दूसरे नंबर की बेटी प्राची 11 साल की है। सबसे छोटा शिवम 9 साल का है।