धौलपुर के बसेड़ी क्षेत्र में एक सड़क हादसे में सिंचाई विभाग के क्लर्क पवन कुमार की मौत हो गई। वह ड्यूटी पूरी कर अपने घर लौट रहे थे, तभी गांव खिड़ोरा के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को उन्हें टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह हादसा मंगलवार रात करीब 8 बजे हुआ। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से पवन कुमार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने तुरंत उनके परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल पवन कुमार को बसेड़ी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें इलाज के लिए ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही पवन कुमार ने दम तोड़ दिया। बुधवार को परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस में मृतक का पोस्टमार्टम करा दिया हैं। मृतक पवन कुमार बसेड़ी क्षेत्र के नागौरी गांव के निवासी थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।