राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से रविवार को लिपिक ग्रेड-2 और कनिष्ठ सहायक संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले के 32 परीक्षा केंद्रों पर कुल 8760 अभ्यर्थी 2 पारियों में परीक्षा देंगे। पहली पारी सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक होगी, जबकि दूसरी पारी दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जिला प्रशासन ने केंद्राधीक्षकों, पर्यवेक्षकों और उप समन्वयकों के लिए प्रशिक्षण आयोजित किया। अधिकारियों ने सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त रोशनी, पेयजल, पंखे, घड़ी, सीसीटीवी कैमरे और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रत्येक अभ्यर्थी की बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य होगा। सभी 32 परीक्षा केंद्रों पर 32 केंद्राधीक्षक, 55 पर्यवेक्षक और 32 उप समन्वयक नियुक्त किए गए हैं। सरकारी परीक्षा केंद्रों पर एक-एक तथा निजी परीक्षा केंद्रों पर दो-दो पर्यवेक्षक तैनात रहेंगे, जो पूरी परीक्षा की निगरानी करेंगे। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से 1 घंटे पहले केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी गई है। प्रवेश के लिए उन्हें प्रवेश पत्र के साथ नवीनतम पासपोर्ट आकार का फोटो, फोटोयुक्त पहचान पत्र और नीले रंग का बॉल पेन लाना अनिवार्य होगा। ड्रेस कोड के तहत जींस, धातु के बटन या बड़े बटन वाले कपड़े, बेल्ट, घड़ी, ब्रोच, हेयर पिन, स्कार्फ और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं को परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से समय का पालन करने और परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का सख्ती से अनुपालन करने की अपील की है।