धौलपुर में गुरुवार को सुहागिन महिलाएं पति की लंबी आयु और सुखी दांपत्य जीवन की कामना के लिए करवा चौथ का व्रत रखेंगी। व्रत की तैयारियों के चलते बाजारों में महिलाओं की भीड़ है। महिलाएं पूजा सामग्री, करवा, छलनी, साज-शृंगार के सामान और आभूषण खरीद रही हैं। कपड़ों, चूड़ियों और सौंदर्य प्रसाधनों की दुकानों पर भी खरीदारी हो रही है। ब्यूटी पार्लरों में महिलाओं की आवाजाही बढ़ी है। महिलाएं दिनभर निर्जला व्रत रखकर पति की लंबी आयु और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करेंगी। वे पर्व के लिए सोलह शृंगार की तैयारियों में जुटी हैं। करवा चौथ पर धौलपुर के पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने जिले में तैनात महिला पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आधे दिन का अवकाश देने की घोषणा की है। इससे उन्हें परिवार के साथ त्योहार मनाने का समय मिलेगा। महिला पुलिसकर्मियों ने इस फैसले के लिए आभार जताया है।