धौलपुर में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा तथा सशक्तिकरण के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से 'ऑपरेशन गरिमा' अभियान चलाया जा रहा है। यह राज्यव्यापी विशेष अभियान 30 अप्रैल तक संचालित होगा। इसी के तहत बाड़ी कोतवाली थाना क्षेत्र में थानाधिकारी देवेंद्र शर्मा के निर्देश पर पुलिस टीम ने स्कूलों और कोचिंग संस्थानों में छात्राओं को नए कानूनों, आत्मरक्षा के तरीकों और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी। इसके अलावा पुलिस ने परिवारों से संपर्क कर बच्चों को बाल श्रम से दूर रखने और उन्हें स्कूल भेजने के लिए जागरूक किया। महिला पुलिस अधिकारी कर रही जागरूक महिला पुलिस अधिकारी छात्राओं और महिलाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर रही हैं। हेल्पलाइन नंबर 1090, 1091 और 112 के उपयोग, साइबर सुरक्षा तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल के बारे में भी मार्गदर्शन दिया जा रहा है। जिले में संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर वहां विशेष निगरानी रखी जा रही है। साथ ही, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की भी जांच की जा रही है। भीड़भाड़ वाली जगहों पर रखी जा रही नजर अभियान के तहत, पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में कोचिंग संस्थानों, स्कूल-कॉलेजों, बाजारों, पार्कों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर निगरानी कर रहे हैं। संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों से पूछताछ कर उन्हें सख्त चेतावनी दी जा रही है, जबकि मनचलों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी की जा रही है। एसपी विकास सांगवान के नेतृत्व में, एएसपी वैभव शर्मा, एडीएफ बाड़ी कमल कुमार जांगिड़ और शिकाऊ प्रकोष्ठ के एएसपी हवा सिंह के सुपरविजन में जिलेभर में पुलिस टीमें सक्रिय हैं। सभी थाना क्षेत्रों में महिला सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। एसपी ने कहा कि 'ऑपरेशन गरिमा' महिलाओं की सुरक्षा के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि महिलाओं के खिलाफ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि एक सुरक्षित और सम्मानजनक समाज का निर्माण किया जा सके।