धौलपुर में पुलिस ने आगामी पंचायत चुनावों को शांतिपूर्ण कराने के लिए अवैध शराब कारोबारियों पर शिकंजा कसा है। कंचनपुर थाना पुलिस ने 2 अलग-अलग कार्रवाई में अवैध देसी शराब बेचते हुए 2 लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से करीब 150 क्वार्टर अवैध देसी शराब जब्त की गई। थानाधिकारी हरेंद्र सिंह की टीम ने प्रेम सिंह जाटव (निवासी कंचनपुर) और हेमसिंह बंगाली ठाकुर (निवासी खेड़ली) को अवैध देसी शराब के साथ पकड़ा। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक, पंचायत चुनावों को देखते हुए इलाके में अवैध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। चुनाव में मतदाताओं को शराब से प्रभावित करने की आशंका पर पुलिस खास ध्यान दे रही है। थानाधिकारी हरेंद्र सिंह ने कहा कि चुनाव के दौरान अवैध शराब की बिक्री और बंटवारा बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस की टीम दूसरे अवैध शराब कारोबारियों पर भी नजर रख रही है और उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।