धौलपुर जिले में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया तेज हो गई है। बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट और उपखंड अधिकारी कार्यालयों में उम्मीदवारों ने पर्चे भरे। जिला परिषद सदस्य पद के लिए दूसरे दिन 28 नामांकन हुए, जिससे कुल संख्या 30 हो गई है। नामांकन प्रक्रिया गुरुवार और शुक्रवार को भी जारी रहेगी। जिला कलेक्ट्रेट में जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी और अतिरिक्त जिला कलेक्टर हरिराम मीणा ने प्रत्याशियों से आवेदन लिए। धौलपुर पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए बुधवार को 13 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए। दो दिनों में यहां कुल 14 उम्मीदवार नामांकन कर चुके हैं। उपखंड अधिकारी सुरेश राव ने आवेदन प्राप्त किए। सैंपऊ पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए बुधवार को दूसरे दिन 30 उम्मीदवारों ने पर्चे भरे। यहां दो दिनों में कुल 31 प्रत्याशी नामांकन कर चुके हैं। उपखंड अधिकारी अनिल गोयल ने आवेदन लिए।