धौलपुर की निहालगंज थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रही 10 हजार रुपए की इनामी महिला आरोपी पूजा उर्फ रिया (22) को जयपुर से गिरफ्तार किया है। धौलपुर के उमरेह गांव की रहने वाली आरोपी पर गाड़ी में तोड़फोड़, फायरिंग और मारपीट की वारदात में शामिल होने का आरोप है। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देश पर वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने उसे पकड़ा। मामले में अन्य आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। गाड़ी में तोड़फोड़ कर की थी फायरिंग पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई 2023 को आकाश जोशी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 25 जुलाई को 8 से 10 युवकों ने उसकी गाड़ी में तोड़फोड़ की और उसके साथ मारपीट की। आरोपियों ने फायरिंग कर उसकी सोने की चेन भी छीन ली। हमलावरों ने तीन फायर किए, जिनमें से दो आकाश की तरफ किए गए। जान बचाने के लिए वह पड़ोसी के घर में घुस गया। हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट में दर्ज था मामला घटना की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने हत्या के प्रयास, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया था। पुलिस ने इस मामले में ऐदल सिंह, ऋषि, युवराज, बच्चा त्यागी और कृष्णा गुर्जर को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि पूजा उर्फ रिया फरार चल रही थी। उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित था। एएसआई योगेंद्र कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देश पर वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत एएसआई योगेंद्र कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने जयपुर में कार्रवाई करते हुए पूजा उर्फ रिया को गिरफ्तार किया। पुलिस आरोपी से मामले को लेकर आगे पूछताछ कर रही है।