धौलपुर ट्रैफिक पुलिस को सड़क सुरक्षा और दुर्घटना राहत व्यवस्था को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नया हाईवे पेट्रोलिंग एवं रेस्क्यू व्हीकल उपलब्ध कराया गया है। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने शनिवार को वाहन का निरीक्षण कर उसमें उपलब्ध सुविधाओं और उपकरणों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को इसके प्रभावी संचालन के निर्देश दिए। ट्रैफिक इंचार्ज बलविंदर सिंह ने बताया कि इस वाहन का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर होने वाली दुर्घटनाओं में तत्काल राहत पहुंचाना है। इसके अतिरिक्त यह यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई करने में भी सहायक होगा। वाहन में प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) की सुविधा उपलब्ध है, जिससे सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को मौके पर ही प्रारंभिक उपचार दिया जा सकेगा। किसी दुर्घटना के दौरान आग लगने की स्थिति से निपटने के लिए इसमें फायर सिलेंडर भी लगाया गया है, जिससे शुरुआती स्तर पर आग पर काबू पाया जा सके। यह नई हाईवे पेट्रोलिंग एवं रेस्क्यू व्हीकल अपराध नियंत्रण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। राजमार्गों पर संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने, अपराधियों की तलाश और त्वरित पुलिस कार्रवाई में इस वाहन का उपयोग किया जाएगा। वहीं, बारिश या प्राकृतिक आपदा के दौरान हाईवे पर गिरे पेड़ों को हटाने और अन्य रेस्क्यू ऑपरेशन में भी यह सहायक साबित होगा। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने कहा कि इस आधुनिक रेस्क्यू वाहन के संचालन से सड़क दुर्घटनाओं में 'गोल्डन ऑवर' के दौरान राहत कार्य तेज होंगे। इससे घायलों को समय पर सहायता मिल सकेगी और जिले की सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलेगी।