धौलपुर पुलिस आगामी पंचायत चुनावों को शांतिपूर्ण और भयमुक्त माहौल में कराने की तैयारी में है। इसी क्रम में पुलिस ने अतिसंवेदनशील मतदान केंद्र नादौली में रात्रि चौपाल लगाई। इसमें पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों, मतदाताओं और संभावित प्रत्याशियों से बातचीत की। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देश पर हुई इस चौपाल में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा, श्रवण कुमार झोरड़, वृताधिकारी खलील अहमद और राजाखेड़ा थानाधिकारी वीर सिंह मौजूद रहे। अधिकारियों ने निष्पक्ष मतदान का संदेश दिया। उन्होंने मतदाताओं से बिना किसी डर या लालच के वोट डालने की अपील की। प्रत्याशियों से चुनाव आचार संहिता का पालन करने और आपसी सौहार्द बनाए रखने को कहा गया। पुलिस ने ग्रामीणों से अफवाहों या संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत देने को कहा। एसपी सांगवान ने बताया कि अतिसंवेदनशील केंद्रों पर खास नजर है।