धौलपुर जिले में मंगलवार शाम मौसम में अचानक बदलाव आया। दिनभर की तेज धूप और भीषण गर्मी के बाद अचानक धूल भरी आंधी का दौर शुरू हो गया। इसके बाद कई इलाकों में बारिश भी हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। तेज हवाओं के कारण जिले के कई इलाकों में पेड़ टूटकर सड़कों पर गिर गए। धूल भरी आंधी के चलते कुछ समय के लिए दृश्यता भी काफी कम हो गई, जिससे आवागमन में परेशानी हुई। बाजारों में दुकानदारों ने अपना सामान समेटा, वहीं राहगीर सुरक्षित स्थानों की ओर जाते दिखे। आंधी और बारिश के कारण शहर और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हुआ। कई इलाकों में विद्युत आपूर्ति भी बाधित हो गई, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने धौलपुर सहित आसपास के जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट पहले ही जारी किया था। चेतावनी के अनुसार शाम होते-होते मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।