धौलपुर के बांसरई गांव के पैरा एथलीट प्रवीण शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर देश और जिले का नाम रोशन किया है। जापान के आइची-नागोया में हुए 5वें एशियन पैरा गेम्स 2026 में प्रवीण ने पुरुषों की शॉट पुट (गोला फेंक) एफ-11 स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। उनकी सफलता की खबर मिलते ही पैतृक गांव बांसरई समेत पूरे जिले में खुशी छा गई। ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने मिठाई बांटकर जश्न मनाया। प्रतियोगिता में प्रवीण का मुकाबला एशिया के बड़े खिलाड़ियों से था। उन्होंने छठे और अंतिम प्रयास में 13.86 मीटर दूर गोला फेंका। यह उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था। इसी प्रयास से उन्होंने भारत के लिए कांस्य पदक जीता। इस स्पर्धा में ईरान के अमीरहोसेन अलीपुर ने 14.99 मीटर के साथ स्वर्ण, जबकि ईरान के महदी ओलाद ने 13.93 मीटर के साथ रजत पदक अपने नाम किया।