राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) द्वारा आयोजित आरएएस परीक्षा 2024 का परिणाम घोषित कर दिया गया है। धौलपुर जिले के सैंपऊ उपखंड क्षेत्र से दो अभ्यर्थियों ने इस परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। इनमें सैंपऊ उपखंड के पथैना गांव निवासी अरिमर्दन सिंह चौहान (पुत्र लक्ष्मण सिंह चौहान) ने 65वीं रैंक हासिल की है। अरिमर्दन सिंह वर्तमान में धौलपुर की गुरुद्वारा रोड स्थित अशोक विहार कॉलोनी में रहते हैं। उन्होंने जयपुर में रहकर परीक्षा की तैयारी की थी। अरिमर्दन सिंह वर्तमान में विद्युत निगम में कनिष्ठ अभियंता के पद पर कार्यरत हैं और उन्होंने अपने दूसरे प्रयास में यह सफलता प्राप्त की है। वहीं, सैमरा गांव निवासी प्रिया (पुत्री सतीश शर्मा) ने आरएएस परीक्षा में 352वीं रैंक प्राप्त की है। प्रिया ने वर्ष 2023 में भी यह परीक्षा उत्तीर्ण की थी, तब उनकी रैंक 686वीं थी। इस बार उन्होंने अपनी रैंक में सुधार किया है। दोनों अभ्यर्थियों की इस उपलब्धि पर उनके परिवारों और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।