धौलपुर में राजस्थान सरकार की महत्वाकांक्षी आरजीएचएस (RGHS) योजना अव्यवस्थाओं का शिकार हो रही है। योजना के तहत मुफ्त दवाओं का लाभ लेने वाले पेंशनर्स और सरकारी कर्मचारियों को आवश्यक दवाएं समय पर नहीं मिल पा रही हैं, जिससे उनमें भारी नाराजगी है। शहर के विभिन्न मेडिकल स्टोरों पर पिछले कई महीनों से जरूरी दवाओं की कमी बनी हुई है। लाभार्थी जब दवा लेने पहुंचते हैं, तो मेडिकल संचालक उन्हें कभी स्टॉक नहीं होने का हवाला देते हैं, तो कभी सर्वर डाउन होने की बात कहकर वापस लौटा देते हैं। मरीजों को हो रही परेशानी स्थिति यह है कि बीपी, शुगर और हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों की आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। ऐसे में मरीजों को मजबूरन बाजार से पैसे खर्च कर दवाएं खरीदनी पड़ रही हैं। मेडिकल स्टोर संचालकों का कहना है कि सरकार की ओर से उनके पुराने भुगतान लंबे समय से बकाया हैं। भुगतान में देरी के कारण कई दुकानदारों ने दवाओं की आपूर्ति सीमित कर दी है, जिससे यह किल्लत पैदा हुई है। दवाओं की कमी के चलते लाभार्थियों को बार-बार मेडिकल स्टोर के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। इससे उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और राज्य सरकार से मांग की है कि आरजीएचएस योजना के तहत दवाओं की नियमित और सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को इस जनकल्याणकारी योजना का पूरा लाभ मिल सके।