धौलपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की नगर इकाई ने सोमवार को विजयादशमी उत्सव मनाया। पैलेस रोड स्थित भार्गव वाटिका में कार्यक्रम के बाद शहर में पथ संचलन निकला। पूरी यूनिफॉर्म में लाठी लेकर चल रहे सैकड़ों स्वयंसेवकों का शहरवासियों ने जगह-जगह फूल बरसाकर स्वागत किया। उत्सव की अध्यक्षता वरिष्ठ डॉक्टर रामअवतार अग्रवाल ने की। परम पूज्य पागल बाबा मुख्य अतिथि और हनुमान दास जी महाराज विशिष्ट अतिथि थे। जिला संघचालक रामख्तियार जी भी मौजूद रहे। अतिथियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पारंपरिक शस्त्र पूजन किया। 'एकजुट होकर चुनौतियों से निपटना जरूरी' मुख्य वक्ता दिनेश हलैना ने विजयादशमी के महत्व पर बात की। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम ने समाज को संगठित कर बुराई खत्म की थी। आज भी एकजुट होकर चुनौतियों से निपटना जरूरी है। हलैना ने बताया कि डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने 1925 में विजयादशमी पर ही संघ की स्थापना की थी।