धौलपुर जिले के सरमथुरा थाना क्षेत्र के बीलोनी गांव में सार्वजनिक उपयोग के लिए पानी की टंकी के निर्माण को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि कुछ दबंगों ने गांव के सरपंच हीरालाल, उनके बेटे और अन्य ग्रामीणों के साथ मारपीट की। सरपंच हीरालाल ने बताया कि गांव में माता मंदिर पर सार्वजनिक पानी की टंकी बनाई जा रही थी। जिस जमीन पर टंकी का निर्माण हो रहा था, उस पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा था। निर्माण कार्य शुरू होने पर आरोपियों ने इसका विरोध किया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हवाई फायरिंग भी की सरपंच के अनुसार इस दौरान हमलावरों ने हवाई फायरिंग भी की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने एसपी से की शिकायत घटना के बाद पीड़ित सरपंच हीरालाल ग्रामीणों के साथ धौलपुर स्थित एसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने एसपी विकास सांगवान से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी और न्याय की गुहार लगाई। एसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।