धौलपुर पुलिस ने बहुचर्चित छात्र नेता नरेश कुशवाह हत्याकांड के मुख्य शूटर रॉबिन सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले 14 वर्षों से फरार चल रहा था और उस पर 35 हजार रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन में साइबर सेल ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। आरोपी को उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में गंगा एक्सप्रेस-वे के पास एक टोल प्लाजा से गिरफ्तार किया गया। जानकारी के अनुसार 27 दिसंबर 2012 को छात्र नेता नरेश कुशवाह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस वारदात को रॉबिन सिंह ने अपने साथी सतेंद्र सिंह (पूर्व फौजी) के साथ मिलकर अंजाम दिया था। मामले में पूर्व में अन्य आरोपियों पूर्व विधायक बी.एल. कुशवाह, शिवराम कुशवाह और जीतू उर्फ जितेंद्र कुमार को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस के अनुसार आरोपी बेहद शातिर किस्म का अपराधी है, जिसने गिरफ्तारी से बचने के लिए अपना नाम, पहचान और निवास तक बदल लिया था। यहां तक कि उसने अपने बच्चों के नाम भी बदल दिए थे। शुरुआती वर्षों में वह नेपाल में छिपा रहा और बाद में देश के विभिन्न राज्यों में घूमता रहा। पुलिस टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए करीब 6000 किलोमीटर तक पीछा किया और 500 से अधिक टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। आरोपी की तलाश में पुलिसकर्मियों ने चाय की दुकान पर काम किया, ट्रांसपोर्ट कंपनियों में खलासी बनकर जानकारी जुटाई और अलग-अलग राज्यों में रहकर सुराग इकट्ठा किए। हाल ही में इनाम राशि बढ़ने के बाद आरोपी अपनी पहचान पूरी तरह बदलने के लिए प्लास्टिक सर्जरी कराने की योजना बना रहा था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। इस ऑपरेशन में साइबर सेल के कॉन्स्टेबल हरवेन्द्र सिंह की विशेष भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि लंबे समय से फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।