धौलपुर की कोतवाली थाना पुलिस ने व्यापारी से लूट के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वारदात के करीब ढाई महीने बाद पुलिस ने आरोपियों के गांव स्थित मकान से व्यापारी का स्लेटी रंग का बैग, फटा हुआ पर्स और जरूरी दस्तावेज बरामद किए। पर्स में व्यापारी का मूल आधार कार्ड और पैन कार्ड भी मिले हैं। आरोपियों ने 14 अगस्त की रात सांडा गांव के पास व्यापारी को निशाना बनाकर 20 हजार रुपए और दस्तावेजों से भरा बैग लूट लिया था। मिर्च पाउडर डालने की कोशिश, कट्टे के बट से किया हमला पुलिस के अनुसार, 14 अगस्त 2026 की रात करीब 7:45 बजे व्यापारी राजनसिंह पुत्र हुब्बलाल अपनी दुकान से सेल्समैन के साथ लौट रहे थे। वे धौलपुर के दिहौली थाना क्षेत्र के गांव गड़राई के रहने वाले हैं। इसी दौरान सांडा गांव के पास पल्सर बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने पहले उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डालने की कोशिश की, लेकिन हेलमेट पहने होने से उनकी आंखें बच गईं। इसके बाद बदमाशों ने कट्टे का बट हेलमेट पर मारा और बैग छीनकर फरार हो गए। बैग में नकदी के साथ बहीखाता और जरूरी दस्तावेज लूटे गए बैग में 20 हजार रुपए नकद, दुकान का बहीखाता, आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे। वारदात के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर सामान बरामद किया थाना प्रभारी रामकिशन यादव ने बताया कि रेल चौकी प्रभारी मुकेश शर्मा ने कार्रवाई करते हुए अभिलाष उर्फ अभिनेश उर्फ अभि उर्फ अभिलेख और सविनेश उर्फ शिवनेश को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी दिहौली थाना क्षेत्र के गांव दिहौली के रहने वाले हैं। पुलिस ने 30 अक्टूबर को आरोपियों की निशानदेही पर उनके गांव स्थित मकान से व्यापारी का स्लेटी रंग का बैग, दो कैटलॉग और फटा हुआ पर्स बरामद किया। पर्स में व्यापारी का मूल आधार कार्ड और पैन कार्ड भी मिले।