धौलपुर में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुक्रवार को पूरी हुई। अंतिम दिन जिला कलेक्ट्रेट और उपखंड कार्यालयों में उम्मीदवारों की भीड़ रही। जिला परिषद के 29 वार्डों के लिए 190 उम्मीदवारों ने 216 नामांकन पत्र दाखिल किए। कलेक्टर श्रीनिधि बीटी और अतिरिक्त कलेक्टर हरिराम मीणा मौजूद थे। नामांकन प्रक्रिया के बाद अब शनिवार को नामांकन पत्रों की जांच होगी। सोमवार को नाम वापसी का आखिरी दिन है। इसके बाद चुनावी मैदान में बचे उम्मीदवारों की तस्वीर साफ हो जाएगी। धौलपुर पंचायत समिति के 25 वार्डों में 133 उम्मीदवारों ने 154 नामांकन भरे। उपखंड अधिकारी सुरेश राव ने बताया कि शनिवार को इनकी जांच होगी और सोमवार को नाम वापस लिए जा सकेंगे। सैंपऊ पंचायत समिति के 27 वार्डों के लिए 155 उम्मीदवारों ने 161 नामांकन पत्र जमा किए। उपखंड अधिकारी अनिल गोयल के मुताबिक, शनिवार को जांच और सोमवार को नाम वापसी होगी।