डीडवाना के राजकीय बांगड़ कॉलेज के विद्यार्थियों ने सोमवार को महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय (एमडीएसयू), अजमेर के लंबित परीक्षा परिणाम शीघ्र जारी करने की मांग को लेकर कुलपति के नाम ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन कॉलेज प्रिंसिपल के माध्यम से विश्वविद्यालय प्रशासन को भेजा गया। पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष हरलाल बरवड़ के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि प्रथम, तृतीय और पंचम सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम अब तक घोषित नहीं किए गए हैं, जबकि आगामी सेमेस्टर के परीक्षा फॉर्म भरने की तिथियां जारी कर दी गई हैं। छात्रों का कहना है कि परिणाम जारी नहीं होने से परीक्षा फॉर्म भरने में तकनीकी और व्यावहारिक परेशानियां आ रही हैं। इसके अतिरिक्त, रिजल्ट के अभाव में छात्रवृत्ति, प्रवेश और अन्य शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों का भविष्य अधर में है। विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से छात्रहित में सभी लंबित परीक्षा परिणाम जल्द जारी करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र परिणाम घोषित नहीं किए गए तो छात्र शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी। इस दौरान पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष हरलाल बरवड़ के साथ राकेश भाटी, प्रदीप सिंह, लोकेश जाट सहित बड़ी संख्या में कॉलेज के छात्र मौजूद रहे।