डीडवाना-कुचामन जिले के बींचावा गांव में जलदाय विभाग (नहरी परियोजना) ने अवैध जल कनेक्शनों और बूस्टर के उपयोग के खिलाफ कार्रवाई की। सहायक अभियंता राजपाल सिंह शेखावत के नेतृत्व में टीम ने औचक निरीक्षण कर 36 लोगों को पेनल्टी नोटिस जारी किए। निरीक्षण में 26 लोगों के अवैध जल कनेक्शन मिले। इनमें घरेलू और व्यावसायिक उपयोग, खासकर पत्थर कटिंग मशीनों के लिए, अवैध रूप से पानी का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसके अलावा 10 लोगों को जल आपूर्ति के दौरान बूस्टर (मोटर) का उपयोग करते हुए पाया गया, जिनके खिलाफ भी कार्रवाई की गई। नहरी परियोजना के अधिशासी अभियंता अजीत सिंह ने लोगों से अपील की है कि जलापूर्ति के समय बूस्टर या मोटर का उपयोग नहीं करें और यदि किसी ने अवैध जल कनेक्शन कर रखा है तो उसे तुरंत हटवा लें। अजीत सिंह ने चेतावनी दी कि भविष्य में भी ऐसे मामलों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।