डीडवाना शहर में सोमवार देर रात तेज आंधी और बारिश के कारण एक मोबाइल टावर गिर गया। यह टावर बीएसएनएल कार्यालय परिसर में लगा था और गिरने के बाद पास के कई मकानों पर जा गिरा। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि हादसे के वक्त मकानों में लोग मौजूद होने के बावजूद कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा है। टावर गिरने से पड़ोसी मकानों की छतें, दीवारें और बालकनी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। कार और स्कूटी को भी हुआ नुकसान इसके अलावा मलबे की चपेट में आने से नीचे खड़ी एक कार और स्कूटी को भी नुकसान हुआ, साथ ही एक घर का एसी भी टूट गया। यह घटना शीतलकुंड बालाजी मंदिर मार्ग के आगे स्थित बीएसएनएल कार्यालय के पास हुई। तेज हवाओं के साथ आई आंधी ने शहर के कई अन्य हिस्सों में भी नुकसान पहुंचाया। टावर गिरने से बिजली लाइनें भी क्षतिग्रस्त हो गईं, जिसके कारण पूरी रात कॉलोनी में बिजली आपूर्ति बाधित रही। रातभर बिजली रही बंद घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और प्रभावित परिवारों के लिए मुआवजे की मांग की। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि उन्होंने पहले भी कई बार विभाग को टावर की जर्जर स्थिति के बारे में सूचित किया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। फिलहाल, प्रशासन से पीड़ितों को राहत प्रदान करने और नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की जा रही है।