दिवाली के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने डीडवाना के आधार सुपरमार्केट रिटेल लिमिटेड का औचक निरीक्षण किया। टीम ने शहद, चाय, साबूदाना और अजवाइन के नमूने लिए। यह कार्रवाई राजस्थान सरकार के ‘शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’ अभियान के तहत की गई। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त, राजस्थान, जयपुर के निर्देश और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरेंद्र चौधरी के निर्देशन में टीम ने जांच की। खाद्य सुरक्षा अधिकारी बाबूलाल ने बताया कि सभी नमूने जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला, अजमेर भेजे गए हैं। रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 (FSSA) के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने सुपरमार्केट प्रबंधन को ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री देने और परिसर में साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों के नमूने लेने और जांच की प्रक्रिया जारी रहेगी। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी बाबूलाल, इरशाद खान और मधु यादव मौजूद रहे।