राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस (डॉक्टर्स डे) के अवसर पर डीडवाना के कुचामन रोड स्थित पोल स्टार द स्कूल के बायोलॉजी संकाय के स्टूडेंट्स ने राजकीय जिला बांगड़ अस्पताल पहुंचकर डॉक्टरों का सम्मान किया। स्टूडेंट्स ने डॉक्टरों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान स्टूडेंट्स ने अस्पताल के पीएमओ डॉ. अजीत सिंह शेखावत और डॉ. सुरेंद्र नेतड़ को पौधा और स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने डॉक्टरों की सेवा और मानवता के प्रति उनके योगदान की सराहना की। विद्यालय के निदेशक पंकज सैनी ने कहा कि डॉक्टर्स डे उन समर्पित डॉक्टरों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है, जो दिन-रात मानव सेवा में लगे रहते हैं। प्रिंसिपल शशि शेखावत ने बताया कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य स्टूडेंट्स में सेवा, संवेदनशीलता, कर्तव्यनिष्ठा और समाज के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना है। कार्यक्रम के दौरान डॉक्टरों ने स्टूडेंट्स से संवाद किया। उन्होंने चिकित्सा सेवा के महत्व, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और अनुशासित जीवन की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। स्टूडेंट्स ने भी डॉक्टरों के अनुभवों से प्रेरणा ली। इस अवसर पर विद्यालय की ओर से मोनिका सैनी और विक्रम सिंह का विशेष सहयोग रहा। अस्पताल के प्रवीण कुमार सैनी, अमरीश माथुर, अशोक सोलंकी, राकेश सांखला, नसरुद्दीन, चन्द्र प्रताप सिंह सहित अन्य स्टाफ सदस्य भी मौजूद रहे।