डीडवाना-कुचामन में अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ (एकीकृत) ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला। उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर दीपावली बोनस और बकाया भुगतान मांगा। चेतावनी दी गई है कि मांगों का समाधान नहीं होने पर राज्यव्यापी आंदोलन होगा। महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष गजेंद्र सिंह राठौड़ और महामंत्री मोहनलाल शर्मा ने बताया कि सरेंडर लीव, जीपीएफ, एसआई, ग्रेच्युटी और पीएल का भुगतान महीनों से लंबित है। इससे कर्मचारियों को आर्थिक परेशानी हो रही है। 30 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा महासंघ ने केंद्र की तर्ज पर दीपावली बोनस और लंबित बिलों का तत्काल भुगतान मांगा। 30 सूत्रीय मांग-पत्र में वेतन विसंगति समाधान, एनपीएस कटौती को जीपीएफ खातों में ट्रांसफर, एसीपी लाभ में बदलाव, संविदा नियमों में सुधार और प्रोबेशन अवधि समाप्त करने की मांगें हैं। इसके अलावा राजस्थान रोडवेज का सरकार में विलय, वाहन चालकों को हार्ड ड्यूटी अलाउंस, पुलिसकर्मियों को साप्ताहिक अवकाश तथा आरजीएचएस योजना में इंडोर भर्ती की सीमा बढ़ाने सहित अन्य मुद्दों को भी मांग-पत्र में शामिल किया गया है।