डीडवाना में शनिवार 4 जुलाई को रोजगार उत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह उत्सव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बालोतरा जिले के पचपदरा स्थित एचआरआरएल रिफाइनरी के प्रस्तावित उद्घाटन कार्यक्रम के अवसर पर होगा। राज्य सरकार के निर्देश पर जिला मुख्यालय स्थित टाउन हॉल में सुबह 10 बजे से कार्यक्रम शुरू होगा। इसमें प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण भी दिखाया जाएगा। इस रोजगार उत्सव के दौरान जिले के विभिन्न विभागों में नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी, युवा अभ्यर्थी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहेंगे। जिला प्रशासन के अनुसार, प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण केवल जिला मुख्यालय पर ही नहीं, बल्कि सभी ब्लॉक मुख्यालयों और ग्राम पंचायत स्तर पर भी किया जाएगा। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को इस कार्यक्रम से जोड़ना है।