डीडवाना जिले में राज्य सरकार के जन कल्याण शिविर अभियान के तहत ग्रामीण सेवा शिविर-2026 का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 14 जुलाई को जिले की 11 ग्राम पंचायतों में ग्रामीण सेवा शिविर लगेंगे। ये शिविर सुबह 9:30 बजे से शाम 6:00 बजे तक संचालित होंगे। जिला कलेक्टर अवधेश मीना ने बताया कि मंगलवार को डीडवाना उपखंड की बिंचावा और पालोट, मौलासर की थेबड़ी, लाडनूं की लाछड़ी और इन्द्रपुरा, कुचामन की अडकसर, परबतसर की मोडी खुर्द, नावां की श्यामगढ़ और घाटवा, तथा मकराना की जूसरिया और सफेदबड़ी ग्राम पंचायतों में ये शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे। वे आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करेंगे और पात्र व्यक्तियों को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराएंगे। जिला प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान कराएं और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।