डीडवाना में जलदाय विभाग (नहरी परियोजना) ने अवैध जल कनेक्शनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। ग्रीष्म ऋतु और नहरबंदी को देखते हुए विभाग ने तीन गांवों में 10 व्यक्तियों को पेनल्टी नोटिस जारी किए हैं। सहायक अभियंता राजपाल सिंह शेखावत के नेतृत्व में एक टीम ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मुवाल नगर गांव में 5, बेरी कल्ला में 4 और खारिया गांव में मेन लाइन से अवैध कनेक्शन करने वाले 1 व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की गई। नहरी परियोजना के अधिशाषी अभियंता अजीत सिंह ने बताया कि अवैध कनेक्शन लेने या बूस्टर का उपयोग करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे ऐसे अवैध कृत्यों से बचें और विभाग का सहयोग करें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समान रूप से पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। विभाग ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी इस तरह के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।