पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तृतीय चरण में गुरुवार को डीडवाना-कुचामन जिले की पांच पंचायत समितियों की 130 ग्राम पंचायतों में सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। जिले में कुल 81.13 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। पांचों पंचायत समितियों में पीलवा में सबसे अधिक 82.05 प्रतिशत और मकराना में सबसे कम 79.01 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान समाप्त होने के बाद सरपंच एवं पंच पदों के लिए मतगणना का कार्य सुचारु रूप से जारी रहा। गांवों की सरकार चुनने के लिए ग्रामीणों ने उत्साह के साथ मतदान में भागीदारी निभाई। पांच पंचायत समितियों की 130 ग्राम पंचायतों में मतदान जिले की ईटावा बामनिया, मकराना, नावां, परबतसर एवं पीलवा पंचायत समितियों की कुल 130 ग्राम पंचायतों में मतदान करवाया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) अवधेश मीना ने बताया कि मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन कार्य में नियुक्त अधिकारियों एवं कार्मिकों ने अपने दायित्वों का निर्वहन किया। मतदान के दौरान व्यवस्थाएं बनाए रखने के लिए निर्वाचन टीमों ने जिम्मेदारी संभाली। पीलवा में सबसे अधिक 82.05 प्रतिशत मतदान निर्वाचन विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार ईटावा बामनिया पंचायत समिति की 26 ग्राम पंचायतों में 81.22 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मकराना की 25 ग्राम पंचायतों में 79.01 प्रतिशत और नावां की 31 ग्राम पंचायतों में 81.78 प्रतिशत मतदान हुआ। इसी प्रकार परबतसर पंचायत समिति की 24 ग्राम पंचायतों में 81.42 प्रतिशत तथा पीलवा की 24 ग्राम पंचायतों में 82.05 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इस तरह जिले की पांचों पंचायत समितियों में कुल औसत मतदान 81.13 प्रतिशत रहा।