रतलाम में गुरुवार को GST अधिकारी की कार ब्रिज से नीचे गिरकर पलट गई। हादसे में अधिकारी प्रवीण पूंजीलाल (40), उनकी पत्नी संतोष (37) और दोनों बेटे आदित्य (10) और अथर्व (8) गंभीर रूप से घायल हो गए। चारों को जावरा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां से रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। प्रवीण मूल रूप से राजस्थान के गंगानगर के रहने वाले हैं। वे गुजरात के वापी में GST विभाग में अधिकारी हैं। दीपावली की छुट्टियों में वे परिवार के साथ कार से सूरत से गंगानगर जा रहे थे। इसी दौरान गुरुवार शाम करीब 5:15 बजे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर जावरा औद्योगिक क्षेत्र में नीमन-नागदी के बीच उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने कार की तलाशी ली। इस दौरान उसमें से 54.50 लाख रुपए कैश और आभूषण मिले। कैश दो बैग में रखे थे। इनमें 500 के नोट की 92 गड्डियां और 200 रुपए की 10 गड्डियां मिली है। इसे पुलिस ने अभी अपनी कस्टडी में रखा हुआ है। घायल के बयान अभी नहीं हो पाए हैं। घायलों के बयान के बाद रकम की जानकारी होगी स्पष्ट सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कार में फंसे चारों लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। चोटें ज्यादा होने के कारण पुलिस अभी उनके बयान नहीं ले पाई है। शुरुआती जानकारी में कार में एक करोड़ रुपए होने की बात सामने आई है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ASP विवेक कुमार ने बताया कि कार से करीब 50 लाख रुपए कैश और आभूषण मिले हैं। फिलहाल घायलों का इलाज कराना प्राथमिकता है। उनके बयान और जांच के बाद ही रकम को लेकर स्थिति साफ हो पाएगी। ======================= ये खबर भी पढ़ें… कंटेनर ने बाइक सवार को मारी टक्कर, 100ft तक घसीटा:सड़क पर मिले सिर-पैर के टुकड़े, पीछे बैठी महिला तड़पती रही; गाड़ी छोड़कर भागा ड्राइवर भोपाल के राजगढ़-ब्यावरा के बीच तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक सवार दो लोगों को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक चला रहे ओमप्रकाश जाटव (48) सड़क पर गिर गए। इसके बाद कंटेनर उन्हें करीब 100 फीट तक घसीटता ले गया। हादसे में ओमप्रकाश का शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। घटनास्थल पर उनका आधा सिर और दोनों पैर मिले। पूरी खबर पढ़ें…