डीडवाना-कुचामन जिले में बेमौसम बारिश हुई। शुक्रवार अलसुबह 4 से 6 बजे तक तेज हवाओं के साथ डीडवाना और आसपास के ग्रामीण इलाकों में बारिश हुई। इससे मौसम में ठंडक बढ़ी और आसमान में काले बादल छाए रहे। इस बारिश से किसानों की चिंता बढ़ गई। इन दिनों बाजरा, मूंग, मोठ, ग्वार और तिल की कटाई चल रही है। खेतों और खलिहानों में रखी कई कटी फसलें बारिश से भीग गईं। फसलें गीली होने से बाजरा, मूंग और मोठ के चारे के खराब होने की आशंका है। नमी से फसलों की गुणवत्ता पर असर पड़ेगा, जिससे मंडियों में कम भाव मिल सकते हैं। किसानों को आर्थिक नुकसान का डर है। मौसम में बदलाव से तापमान 4 से 5 डिग्री सेल्सियस गिरा है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। किसानों के सामने अब कटी फसल को सुरक्षित रखने की चुनौती है।