डीडवाना-कुचामन जिले में 'ए' श्रेणी की विशेष सघन नाकाबंदी और वाहन चैकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 257 वाहन ड्राइवरों के चालान काटे गए। पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान के निर्देशन में 3 जुलाई 2026 को शाम 7 बजे से रात्रि 11 बजे तक यह अभियान संचालित किया गया। जिले के मुख्य मार्गों, राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों के साथ-साथ शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में भी व्यापक स्तर पर नाकाबंदी की गई। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और वस्तुओं की गहन जांच की। वाहन दस्तावेजों का सत्यापन भी किया गया। काली फिल्म लगे वाहनों, बिना या अस्पष्ट नंबर प्लेट वाले वाहनों और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान ने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों की रोकथाम और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ऐसे विशेष अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे। पुलिस ने आमजन से सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। इसमें दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार ड्राइविंग अपनाकर स्वयं व दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया।