डीडवाना-कुचामन पुलिस ने मादलिया (कंठी) लूट की दो वारदातों का खुलासा किया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और एक बाल अपचारी को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद कर ली है। पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान (आईपीएस) के निर्देश पर एक विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस ने सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया। आरोपियों की गतिविधियों को डीडवाना से बीकानेर, चूरू, झुंझुनूं और नागौर तक ट्रेस किया गया, जिसके बाद उन्हें पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक, घटनास्थलों से मिले सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। उनकी तस्वीरें और फुटेज विभिन्न पुलिस टीमों और ग्रुपों में साझा किए गए। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची। जांच में पता चला कि गिरफ्तार मुख्य आरोपी दिनेश स्वामी एक पूर्व सजायाफ्ता अपराधी है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में करीब 21 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने गिरोह की कार्यप्रणाली और आपराधिक नेटवर्क का भी गहन विश्लेषण किया है। इस कार्रवाई के लिए 05 विशेष टीमें गठित की गई थीं, जिनमें 50 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान शामिल थे। इन टीमों ने 24 घंटे अभियान चलाकर लगातार दबिशें दीं। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदातों का खुलासा किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने 2 जुलाई और 7 जुलाई को डीडवाना कस्बे तथा सीगरावट-बालिया रोड पर मादलिया/कंठी लूट की दो वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। उन्होंने दो बाइक चोरी और एक बड़ी नकबजनी की घटना में भी अपनी संलिप्तता कबूली है। पुलिस अन्य वारदातों में भी उनकी भूमिका की जांच कर रही है।