डीडवाना में माप-तौल विभाग ने एक विशेष अभियान के तहत निंबी जोधा टोल प्लाजा पर जांच की। इस दौरान टोल के दोनों धर्मकांटे (वे-ब्रिज) सत्यापित नहीं पाए गए। विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उनकी डिस्प्ले जब्त कर ली। डीडवाना-कुचामन के विधिक माप विज्ञान अधिकारी महिपाल सिंह राठौड़ ने बताया कि सत्यापन न मिलने पर विधिक माप विज्ञान अधिनियम, 2009 के तहत विभागीय केस दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई उपभोक्ता मामले एवं खाद्य आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा के निर्देश पर की गई। इस जांच अभियान में अधिकारी महिपाल सिंह राठौड़ और सुरेंद्र चोटिया मौजूद थे। विभाग ने बताया कि धर्मकांटों के साथ पैकेजिंग नियमों की जांच भी जारी रहेगी, ताकि नियमों का पालन हो सके।