डीडवाना में पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान जागृति सप्ताह के तहत किशोरी स्वास्थ्य एवं पोषण पर एक जागरूकता कार्यशाला हुई। यह कार्यशाला कोट मोहल्ला स्थित श्री श्याम कुमार पसारी स्मृति राजकीय डिस्पेंसरी में हुई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं और बालिकाओं ने भाग लिया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य किशोरियों को उनके स्वास्थ्य, संतुलित आहार और व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक करना था। महिला अधिकारिता विभाग, डीडवाना-कुचामन के सहायक निदेशक जयप्रकाश और सुपरवाइजर कुसुम गौड़ के निर्देशन में, विषय विशेषज्ञों की एक टीम ने विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़े मुद्दों पर किया मार्गदर्शन इस अवसर पर पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र की केंद्र प्रबंधक निशा रामावत, मनोवैज्ञानिक विशेषज्ञ राजेश्वरी गुर्जर, कानूनी सलाहकार करिश्मा चोटिया और समाजशास्त्र विशेषज्ञ तसलीम सिद्दीकी ने किशोरी स्वास्थ्य एवं पोषण से संबंधित मुद्दों पर मार्गदर्शन प्रदान किया। वक्ताओं ने बताया कि किशोरावस्था में शारीरिक और मानसिक विकास तीव्र गति से होता है, जिसके लिए उचित पोषण अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने आयरन, कैल्शियम और प्रोटीन युक्त आहार के महत्व पर बल दिया, साथ ही हरी सब्जियां, फल, दालें और दूध को नियमित भोजन में शामिल करने की सलाह दी। इसके अलावा मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, एनीमिया से बचाव और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। कार्यशाला में उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं को व्यक्तिगत स्वच्छता, साफ-सफाई तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।