डीडवाना में भगवान श्रीपरशुराम जन्मोत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस अवसर पर आयोजित होने वाले 3 दिवसीय कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने के लिए राजस्थान ब्राह्मण महासभा इकाई डीडवाना महिला मंडल की एक बैठक हुई। यह बैठक महिला मंडल की संरक्षक संतोष के निवास पर संपन्न हुई। इसमें महिला मंडल की महामंत्री सीमा खांडल सहित वंदना सारस्वत, संतोष चोटिया, मोहित शर्मा, पूनम दाधीच, बिंदु दाधीच, पूनम खांडल और पूनम भोजक उपस्थित रहीं। सभी सदस्यों ने जन्मोत्सव को भव्य और सफल बनाने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा की। 17 को होगी विभिन्न प्रतियोगिताएं महिला मंडल की ओर से 17 अप्रैल को स्थानीय गौड़ भवन में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें मेहंदी, चित्रकला, एकल नृत्य, म्यूजिकल चेयर, प्रश्नोत्तरी और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिताएं शामिल हैं। इसके बाद 18 अप्रैल को शहर में एक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। जन्मोत्सव का समापन 19 अप्रैल को हवन-पूजन के साथ होगा। इन सभी कार्यक्रमों में महिला मंडल की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। महिला मंडल की पदाधिकारियों ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन कार्यक्रमों में भाग लेकर आयोजन को सफल बनाएं।