डीडवाना-कुचामन जिले में राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित शहरी सेवा शिविर आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का माध्यम बन रहे हैं। लाडनूं नगरपालिका में आयोजित ऐसे ही एक शिविर के दौरान प्रशासन ने 91 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला की रुकी हुई पेंशन घर जाकर शुरू करवाई। लाडनूं के वार्ड संख्या 26 निवासी 91 वर्षीय गणपति देवी कई महीनों से अपनी सामाजिक सुरक्षा पेंशन रुकने के कारण परेशान थीं। वृद्धावस्था और शारीरिक अक्षमता के कारण वह सरकारी कार्यालयों तक पहुंचने में असमर्थ थीं। शिविर में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के कार्मिक श्रवण दास स्वामी को गणपति देवी की समस्या की जानकारी मिली। उन्होंने तत्काल बुजुर्ग महिला के घर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और उनकी रुकी हुई पेंशन दोबारा शुरू करवाई। पेंशन बहाल होने पर गणपति देवी को बड़ी राहत मिली। उन्होंने राज्य सरकार और प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि घर बैठे उनकी समस्या का समाधान होना उनके लिए बहुत महत्वपूर्ण है।