निजी स्कूल शिक्षा परिवार समिति डीडवाना ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। इसमें शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) के तहत निजी स्कूलों को मिलने वाली पुनर्भरण राशि का जल्द भुगतान करने की मांग की गई। समिति ने बताया कि लंबित भुगतान से स्कूल संचालकों को आर्थिक परेशानी हो रही है। पदाधिकारियों ने कहा कि निजी स्कूल बच्चों को अच्छी शिक्षा दे रहे हैं, लेकिन RTE की राशि समय पर नहीं मिलने से स्कूलों को चलाने में दिक्कत आ रही है। ज्ञापन में RTE की दूसरी किस्त से जुड़ी जिला शिक्षा कार्यालय की प्रक्रिया पूरी कर उसे जयपुर भेजने की मांग की गई। प्री-प्राइमरी कक्षाओं के लंबित भुगतान को भी जल्द जारी करने का आग्रह किया गया। समिति ने प्रशासन से इन मांगों पर ध्यान देने और तुरंत कार्रवाई करने की उम्मीद जताई। इस दौरान अध्यक्ष नीलकमल शर्मा, सचिव दिनेश गहलोत और कोषाध्यक्ष सुशील कुमार गौड़ समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।