डीग में पुलिस ने 7 शातिर साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही 1 नाबालिग को भी डिटेन किया है। यह बदमाश दवाई की होम डिलीवरी के नाम पर फर्जी विज्ञापन और लिंक भेजकर लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे। पुलिस ने 'ऑपरेशन एंटी वायरस' के तहत इस कार्रवाई को अंजाम दिया। आरोपियों से ठगी में इस्तेमाल किए गए 5 एंड्रॉइड मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पुलिस ने जाल बिछाकर पकड़े बदमाश एसपी शरण गोपीनाथ के. के निर्देश पर चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान कामां थाना पुलिस और बृज नगर क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती गई। पुलिस ने जाल बिछाकर 3 शातिर साइबर ठगों को पकड़ा और 1 नाबालिग को डिटेन किया। कामां पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे 4 अन्य वांछित ठगों को भी गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि ये ठग लोगों को 'होम डिलीवरी' का झांसा देकर अपना शिकार बनाते थे। वे दवाई की होम डिलीवरी के नाम पर फर्जी विज्ञापन और लिंक फैलाते थे। जैसे ही कोई जरूरतमंद व्यक्ति उनसे संपर्क करता, वे लिंक भेजकर या एडवांस पेमेंट के नाम पर उनके बैंक खातों से पैसे निकाल लेते थे।