डीग जिले में अवैध खनन के खिलाफ 'ऑपरेशन पृथ्वी' के तहत कैथवाड़ा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अवैध पत्थरों से भरे एक हाईवा ट्रक को जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, गोपालगढ़ थाना पुलिस ने चार ओवरलोड डंपरों को जब्त किया। डीग पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के. के निर्देश पर अमरूका चौकी पर नाकाबंदी की गई। इस दौरान एक हाईवा ट्रक को रोका गया, जिसमें क्षमता से अधिक पत्थर भरे हुए थे। जांच के दौरान ड्राइवर रॉयल्टी, टीपी और रवन्ना जैसे आवश्यक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने ट्रक को अवैध खनिज सहित जब्त कर लिया। इसके साथ ही ट्रक ड्राइवर मौसम (25) निवासी सतवाड़ी, थाना पहाड़ी और हेल्पर मुशर्रफ (21) निवासी धांधेलेट, थाना पहाड़ी को गिरफ्तार किया गया। कैथवाड़ा थाने में एमएमडीआर एक्ट की धारा 4/21 और बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में कैथवाड़ा थाना पुलिस और डीग की क्यूआरटी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अवैध खनन पर कार्रवाई, 4 ओवरलोड डंपर जब्त गोपालगढ़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार ओवरलोड डंपरों को जब्त किया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में नाकाबंदी एवं चेकिंग अभियान के दौरान की गई। पुलिस के अनुसार गोपालगढ़ क्षेत्र में चेकिंग के दौरान चार ओवरलोड डंपरों को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत जब्त किया गया। कार्रवाई की सूचना खनिज विभाग एवं परिवहन विभाग (आरटीओ) को दी गई। मौके पर ही गैस कटर की सहायता से डंपरों की ओवरलोड बॉडी कटवाकर नियमानुसार कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में थाना गोपालगढ़ के थानाधिकारी मुकेश मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध खनन एवं ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।