डीग जिले में मंगलवार दोपहर बाद मौसम में अचानक बदलाव आया। आसमान में छाए धूल के गुबार और अचानक चली तेज ठंडी हवाओं ने लोगों को चिलचिलाती धूप से बड़ी राहत पहुंचाई है। इसके बाद कई क्षेत्रों में जोरदार बरसात हुई। दोपहर बाद जिले के विभिन्न इलाकों में धूल भरी आंधी चली, जिससे सड़कों पर दृश्यता काफी कम हो गई। आंधी के कुछ समय बाद आसमान में काले बादलों ने डेरा डाल लिया और कई क्षेत्रों में जोरदार बरसात शुरू हो गई। सुबह से ही पारा 42°C के ऊपर बना हुआ था। शाम होते-होते मौसम में आई इस तब्दीली से तापमान में करीब 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई है। हालांकि, आर्द्रता बढ़ने के कारण हल्की उमस का अहसास बना रहा।