डीग जिले के बृज नगर कस्बे के मुख्य सराफा बाजार स्थित 'राधे का नोहरा' क्षेत्र में मंगलवार रात करीब 12 बजे बिजली के तारों में शॉर्ट-सर्किट हुआ। झूलते तारों से चिंगारियां निकलने लगीं, जिससे बाजार में लोग घरों से बाहर आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बिजली के तार आपस में टकराने से आग की लपटें और चिंगारियां निकलीं, जिसके बाद तार टूटकर जमीन पर गिर गए। यह क्षेत्र संकरा और व्यापारिक होने के कारण आग फैलने का जोखिम बढ़ गया था। पूर्व पार्षद ने दिखाई सूझबूझ इस दौरान पूर्व पार्षद जगपत सोनी ने सूझबूझ का परिचय दिया। उन्होंने तुरंत एक सूखे डंडे की सहायता से उलझे हुए और जलते तारों को अलग किया। इस कार्रवाई से बिजली का फाल्ट दूर हुआ और एक बड़े अग्निकांड को टाल दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही रात्रि गश्त पर तैनात पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। चूंकि यह घटना आधी रात को हुई थी, इसलिए बाजार खाली था, जिससे किसी बड़े नुकसान से बचा जा सका। स्थानीय निवासियों ने पूर्व पार्षद की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। विद्युत विभाग को क्षेत्र की आपूर्ति दुरुस्त करने के लिए सूचित कर दिया गया है।