टीवी के सबसे लोकप्रिय किरदारों में शुमार 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' के जेठालाल यानी एक्टर दिलीप जोशी शनिवार दोपहर मुंबई से जयपुर पहुंचे। जयपुर एयरपोर्ट पर उनके फैंस और आयोजकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। जेठालाल ने भी हाथ हिलाकर फैंस का अभिभावदन किया। मास्क लगाकर आए एक्टर एयरपोर्ट से सीधे होटल के लिए रवाना हो गए। आराम करने के बाद वे आज ही अजमेर के लिए रवाना होंगे और वहां डांडिया महोत्सव में शामिल होंगे। जयपुर एयरपोर्ट से एक्टर दिलीप जोशी की PHOTOS जेठालाल बनकर बने घर-घर की पहचान एक्टर दिलीप जोशी पिछले करीब दो दशक से टीवी धारावाहिक ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में जेठालाल गड़ा का किरदार निभा रहे हैं। उनका यह किरदार भारतीय टेलीविजन के सबसे लोकप्रिय पात्रों में गिना जाता है। जेठालाल और दयाबेन की नोकझोंक, बाबूजी के साथ संवाद और गोकुलधाम सोसाइटी की कहानियों ने उन्हें हर उम्र के दर्शकों का चहेता बना दिया। साल 2008 में शुरू हुए इस शो के साथ वे शुरुआत से जुड़े हुए हैं और आज भी इसकी सबसे मजबूत पहचान माने जाते हैं। उनके हास्यपूर्ण संवाद और सहज अभिनय ने जेठालाल के किरदार को भारतीय टेलीविजन का आइकॉनिक चेहरा बना दिया है। थिएटर से शुरू हुआ अभिनय का सफर दिलीप जोशी का अभिनय सफर टेलीविजन से पहले थिएटर से शुरू हुआ था। गुजरात के पोरबंदर में जन्मे दिलीप ने कॉलेज के दिनों में नाटकों में अभिनय किया और कई मंचीय प्रस्तुतियों में हिस्सा लिया। थिएटर की दुनिया से पेशेवर अभिनय की दिशा में कदम बढ़ाया। उन्होंने गुजराती रंगमंच पर लंबे समय तक काम किया और अपनी कॉमिक टाइमिंग के कारण अलग पहचान बनाई। बाद में उन्होंने फिल्मों और टेलीविजन दोनों में अभिनय किया। टेलीविजन के अलावा दिलीप जोशी कई हिंदी फिल्मों में भी नजर आ चुके हैं। उन्होंने सलमान खान की ‘मैंने प्यार किया’ में रामू का किरदार निभाया था। इसके बाद ‘हम आपके हैं कौन’, ‘फिर भी दिल है हिंदुस्तानी’, ‘खिलाड़ी 420’, ‘वन टू का फोर’ और ‘क्या दिल ने कहा’ जैसी फिल्मों में भी उन्होंने अभिनय किया। अजमेर में डांडिया महोत्सव में होंगे शामिल दिलीप जोशी जयपुर से आज ही अजमेर के लिए रवाना होंगे। वे शनिवार रात स्टार क्वीन गार्डन में आयोजित ‘ढोलीवुड नवरात्रि 2026’ डांडिया महोत्सव में शामिल होंगे। इस आयोजन में हर दिन एक लाख रुपए तक के पुरस्कार भी रखे गए हैं।