भास्कर न्यूज | बालोतरा राउमावि खेड़ में शुक्रवार को मारवाड़ मालानी सेवा फाउंडेशन ने जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री बांटी। फाउंडेशन के डायरेक्टर डॉ. महेश चौहान ने कहा कि शिक्षा समाज के सर्वांगीण विकास की पहली सीढ़ी है। निरंतर कठोर परिश्रम और धैर्य से सफलता हासिल की जा सकती है। स्कूल के वरिष्ठ अध्यापक पुखराज भाटी ने बताया कि कक्षा 1 से 5 तक के 100 जरूरतमंद विद्यार्थियों को डॉ. महेश चौहान और भरत कुमार ने कॉपियां, स्लेट, पेन, पेंसिल और शिक्षक किट दिए। प्रधानाचार्य मदनलाल करवा और मुकेश कुमार ने डॉ. महेश चौहान और भरत कुमार का साफा-माला पहनाकर स्वागत किया। प्रधानाचार्य मदनलाल करवा ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में सफलता नहीं है। व्यक्तित्व निर्माण जरूरी है। नैतिक मूल्यों का विकास जरूरी है। जीवन को सही दिशा देना जरूरी है। फाउंडेशन के भरत कुमार ने कहा कि फाउंडेशन राजकीय स्कूलों में जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री देता है। आगे भी इस स्कूल में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा। स्कूल के मुकेश कुमार ने फाउंडेशन के सदस्यों के साथ आवश्यक सामग्री को लेकर चर्चा की। इस मौके पर उप प्रधानाचार्य श्रवण कुमार वैष्णव, वरिष्ठ अध्यापक पुखराज भाटी, अशोक कुमार प्रजापत, शारीरिक शिक्षक दिनेश कुमार गहलोत, अध्यापिका ज्योति गौड़, वरिष्ठ अध्यापक भंवरलाल सांखला, मेवाबसिंह, अध्यापक सुनील कुमार, रामकृष्ण, तोगाराम, फाउंडेशन के सदस्य अर्जुन कुमार और सुरेश प्रजापत मौजूद रहे।