जिला परिषद चुनावों में इस बार युवाओं ने दिलचस्पी दिखाई है। जिले के 45 वार्डों के लिए भाजपा-कांग्रेस ने भी नगर निकाय चुनावों के बाद जिला परिषद चुनाव में प्रत्याशियों की सूची में युवाओं को मौका दिया है। इसमें कांग्रेस ने 8 और भाजपा ने 5 युवाओं को मैदान में उतारा है। सबसे कम उम्र की प्रत्याशी भाजपा की पायल शर्मा हैं, जो 21 साल की उम्र में वार्ड 43 से चुनाव लड़ रही हैं। वहीं शिक्षा के मामले में भी इस बार जिला परिषद चुनाव आगे बढ़ गया है। प्रत्याशियों में कई उच्च शिक्षा वालों ने दावेदारी पेश की है। कोई एलएलबी चुनाव मैदान में हैं तो कई एमए और बीए वाले भी प्रत्याशी हैं। उम्र दराज प्रत्याशी इस बार कम नजर आ रहे हैं। प्रत्याशियों में 70 साल की एक व 60 साल पार के 5 प्रत्याशी मैदान में हैं। वार्ड 29 से भाजपा की सरोज देवी 70 साल की उम्र में चुनाव मैदान में हैं। सरोज देवी पूर्व मंत्री कालू लाल गुर्जर की पत्नी है। कांग्रेस प्रत्याशियों में वार्ड 38 के फूल सिंह 66, वार्ड 2 की कैलाश देवी 64, वार्ड 12 के दुर्गपाल सिंह 62 और वार्ड 25 के रामजस 61 साल के हैं। वार्ड 21 से कांग्रेस की बदामी देवी और वार्ड 37 से कांग्रेस के कप्तान सिंह की उम्र 60-60 साल है।