जिला एवं सत्र न्यायाधीश व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष सत्यनारायण टेलर ने जिला कारागृह और किशोर सम्प्रेक्षण गृह का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बंदियों और किशोरों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को जाना। निरीक्षण में किशोर सम्प्रेक्षण गृह में असुरक्षित खाद्य सामग्री पाई गई, जिसे मौके पर ही नष्ट कराया गया। जिला कारागृह में न्यायाधीश टेलर ने रसोईघर, बैरकों और अन्य व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया। उन्होंने बंदियों से भोजन, स्वास्थ्य और अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। रसोईघर में भोजन व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। उन्होंने जेल प्रशासन को आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और बीमार बंदियों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही, मूलभूत सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने पर जोर दिया। जिला कारागृह के निरीक्षण के बाद न्यायाधीश टेलर ने किशोर सम्प्रेक्षण गृह का भी दौरा किया। यहां भोजन व्यवस्था की जांच के दौरान एक कट्टे में रखी खाद्य सामग्री असुरक्षित मिली, जिसे तुरंत नष्ट कराया गया। जिला जज ने सम्प्रेक्षण गृह के प्रभारी को सख्त निर्देश दिए कि बालकों को केवल सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री ही उपलब्ध कराई जाए। किशोर सम्प्रेक्षण गृह में अन्य व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलने पर न्यायाधीश टेलर ने संतोष व्यक्त किया। इस निरीक्षण के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रोटोकॉल अधिकारी भूपेंद्र योगी और सचिव हीना परिहार (किशोर सम्प्रेक्षण गृह निरीक्षण के दौरान) और अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी अमित हाड़ा भी उपस्थित रहे।